logo

फेसबुक पर फेक ID बनाई, लड़की को कॉर्ल-गर्ल बताया; ब्लैकमेल कर रहा शोहदा धराया

fbook.jpg

रांची 

कोकर, रांची का रहने वाला युवक सुखदेव नगर की एक लड़की को उसका फेक फेसबुक प्रोफाइल बनाकर उसे कॉल गर्ल के रूप में प्रचारित कर ब्लैकमेल कर रहा था लेकिन, आज वो पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस बाबत लड़की ने पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी। लड़की ने बताया कि अजय कुमार नाम के इस युवक के कारण उसकी शादी भी टूट चुकी है। इस मामले में पुलिस ने युवक के साथ उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिससे युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया।

ये है पूरा मामला 
पुलिस ने बताया कि युवक से लड़की का परिचय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फेसबुक पर हुआ। युवक ने पहले फेसबुक पर लड़की से दोस्ती की और इसके बाद उसने लड़की का मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया। युवक अजय कुमार ने लड़की के फोटो को मार्प कर उसे अश्लील फोटो में बदल दिया। लड़की के फेस को इस्तेमाल कर उसने उसमें दूसरी अर्द्धनग्न लड़की का फोटो मर्ज कर दिया। फिर लड़की के नाम से एक एक फेक फेसबुक अकाउंट बनाकर उसका नंबर वहां पोस्ट कर दिया।   आरोपी अजय ने लड़की को कॉल गर्ल के रूप में प्रचारित कर उसकी तस्वीर फेसबुक में डाल दी। इसके बाद लड़की के पास अजीब-अजीब फोन आने लगे। इसी बीच उसके विवाह के लिए आया एक प्रस्ताव भी इसी कारण टूट गया। 

लड़की ने की आत्महत्या की कोशिश 
लड़की को कुछ दिनों के बाद समझ में आया कि ये सब अजय कुमार ने किया है। उसने अजय से उसका फेक फेसबुक अकाउंट बंद करने और वहां अपलोड अश्लील फोटो डिलीट करने के लिए कहा लेकिन, अजय इसके बदले लड़की से रुपये की मांग करने लगा। उसने अकाउंट और फोटो डिलीट करने के बदले लड़की से 5 लाख रुपये की डिमांड की। इस बीच परेशान होकर लड़की ने एक बार आत्महत्या की भी कोशिश की लेकिन, घर वालों ने उसे किसी तरह से रोका। अजय उससे लगातार पैसे मांगता रहा। अंततः लड़की ने पुलिस स्टेशन में शिकायत की। साइबर थाना की पुलिस ने मामले की पड़ताल की और कोकर के रहने वाले आरोपी युवक को आज गिरफ्तार कर लिया।